यूपी में लाख कोशिशों के बाद भी झोलाछाप डॉक्टरों पर लगाम नहीं लग पा रही है। उनकी भूल का नुकसान आए दिन किसी न किसी आम आदमी को चुकाना पड़ रहा है। रविवार को शिकार हुआ है महज 1 साल का एक मासूम...
रविवार को झोलाछाप के इलाज से उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुरवा में एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। गलत इलाज से मौत के बाद झोलाछाप क्लीनिक बंद कर भाग निकला। मासूम के बाबा ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुरवा निवासी माझीराम पुत्र बलदेव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके नाती अरुण कुमार (एक) की रविवार सुबह तबियत खराब हो गई थी। इलाज के लिए वह गांव के ही क्लीनिक पर गए। यहां अखिलेश पाल ने बच्चे को दवा खिलाई।
दवा पीने के पांच मिनट बाद ही बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत पर जब माझीराम ने सवाल किया तो उसने मृत बच्चे का अंतिम संस्कार करने की सलाह दी और बाद में क्लीनिक बंद कर भाग निकला। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।
- क्लीनिक बंद कर फरार हुआ झोलाछाप
- बाबा ने थाने में आरोपी के खिलाफ दी तहरीर