उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिला अस्पताल में पैसा कमाने को लेकर किस तरह खेल हो रहा है, इसका खुलासा एक बार फिर हुआ है। मारपीट के मामले में एक महिला को पुलिस डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। अस्पताल के एक्स-रे विभाग के कर्मचारियों ने दूसरी पार्टी से मिल कर खेल कर दिया। चोट महिला के कंधे में लगी थी और एक्स-रे उसके सिर का कर दिया गया।
इसके बाद महिला को घर भेज दिया गया। बाद में जब रेडियोलॉजिस्ट ने रिपोर्ट बनाने के लिए एक्स-रे प्लेट मांगी तो मामला पकड़ में आ गया। इसके बाद जो हुआ वह और भी चौंकाने वाला था। रेडियोलॉजिस्ट की आपत्ति पर कर्मचारियों ने दूसरी महिला को बुलाकर उसके कंधे का एक्स-रे कराकर रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी।
ठठिया थानाक्षेत्र के गांव हिम्मतपुर की महिला सूरज मुखी (45) पत्नी मूलचंद्र का गांव में ही झगड़ा हो गया। कंधे में चोट अधिक होने के कारण थाना पुलिस उसे 28 सितंबर को जिला अस्पताल लाई थी। पुलिस की मौजूदगी में इमरजेंसी में कार्यरत डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण करने के बाद उसे कंधे के एक्स-रे के लिए भेज दिया। एक्स-रे विभाग के टेक्नीशियन ने महिला का एक्स-रे कर दिया।