हैलट में 11 करोड़ से इंडोस्कोपी सुइट बनेगा
देश का पहला एआई आधारित ट्रेनिंग मॉड्यूल होगा
मॉड्यूलर ओटी की व्यवस्था, रोगियों को आसानी
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। हैलट में 11 करोड़ की लागत से इंडोस्कोपी सुइट बनाया जाएगा। सुइट अस्पताल को मिलने वाले दान के पैसे से बनाया जाएगा। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय काला ने बताया कि इस सम्बंध में दानदाता से बात हो गई है। वह इंडोस्कोपी सुइट तैयार करके देंगे। इसे निर्माणाधीन सर्जिकल ब्लॉक में बनाया जाएगा। सुइट बनने में साल-डेढ़ साल का वक्त लगेगा।
डॉ काला ने बताया कि सुइट में मोड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी होगा। अत्याधुनिक इंडोस्कोपी से पेट के ऊपरी हिस्से, आंतो, गाल ब्लैडर आदि की जांचें हो सकेंगी। रोगी को एक टेबल पर सर्जन और फिजिशियन की सुविधा मिलेगी। रोगी को सर्जन औऱ फिजिशियन को अलग अलग दिखाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया पेट के रोगी को पूरा इलाज एक छत के नीचे उपलब्ध रहेगा। डॉ काला ने बताया कि पहली बार देश मे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित गैस्ट्रो ट्रेनिंग मॉड्यूल यहां स्थापित किया जा रहा है। इसमें डॉक्टर और मेडिकल छात्र ट्रेनिंग ले सकेंगे। मॉड्यूल में ट्रेनिंग लेने के बाद वे मानव में प्रयोग करेंगे। सुइट में तीन इंडोस्कोपी टावर रहेंगे। इसके अलावा रोगियों के इलाज की और भी व्यवस्था रहेगी।