बड़ा डाकघर से हुई आईपीपीबी की शुरुआत, 9 और ब्रांच खुलेंगी
Sun, 02 Sep 2018 12:24 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
सार
- घर-घर बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराने को डाक विभाग की पहल, ग्रामीण क्षेत्रों पर ज्यादा होगा फोकस
- खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने की शुरुआत, 25 नए खाताधारकों को दिए गए क्यूआर कोड वाले एटीएम
हर घर तक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने लिए डाक विभाग की इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) सुविधा की शुरुआत शनिवार से हो गई है। कानपुर के बड़े डाकघर में भी एक ब्रांच का शुभारंभ किया गया। 25 नए खाताधारकों को क्यूआर कोड वाला एटीएम कार्ड भी सौंपा गया। जिले में कुल 10 ब्रांच और 40 एक्सेस प्वाइंट खोले जाने हैं। बैंकिंग सेवाओं से ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण जुड़ सकें, इसलिए ब्रांच और एक्सेस प्वाइंट ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा खोले जाएंगे। खाता खुलवाने के बाद ग्राहक घर बैठे बैंकिंग सुविधाओं का लाभ ले सकेेंगे।
विज्ञापन
शनिवार को बड़े डाकघर में खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने आईपीपीबी ब्रांच का उद्घाटन किया। इस दौरान दिल्ली तालकटोरा स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए बैंक उद्घाटन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। मल्टी टास्क सर्विस के पांच कर्मचारियों और पांच डाकियों को क्यूआर कोड दिया गया। इस क्यूआर कोड के माध्यम से ही ये अपनी पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) में ग्राहक का क्यूआर कोड वाला एटीएम कार्ड स्कैन करवाएंगे। इसके बाद ग्राहक अपना पैसा जमा भी कर सकेंगे और निकाल भी सकेंगे।
किसानों को घर में मिलेगी कर्ज की सुविधा
उद्घाटन समारोह में खादी ग्रामोद्योग मंत्री ने कहा कि डाकियों की सेवा देखकर ही केंद्र सरकार ने उनके वेतन में बढ़ोतरी की है। चिट्ठी-पत्री का जमाना खत्म हो रहा है। इसलिए केंद्र सरकार ने डाकियों को बैंक सेवा से जोड़कर उनकी सेवाओं को बरकरार रखा है। अब ये डाकिया ग्रामीणों को धन से भी जोड़ेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को नया भारत बनाने को कहा था। प्रधानमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र के कोने-कोने में बैंकिंग की नई सेवा की शुरुआत कर पूर्व प्रधानमंत्री को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। किसानों को उनके गांव ही नहीं घर में ही कर्ज की सुविधा मिलेगी। समारोह की अध्यक्षता विधायक महेश त्रिवेदी ने की। इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व महापौर रवींद्र पाटनी, चीफ पोस्ट मास्टर मनोज कुमार मिश्र, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक शाखा के मैनेजर शिशिर मिश्रा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधा कृष्ण पांडेय, महामंत्री भानुप्रताप सिंह मौजूद रहे।
डाक विभाग में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक सुविधा की हुई शुरुआत
ये सुविधाएं मिलेंगी
बचत खाता, चालू खाता, मनी ट्रांसफर तथा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के अलावा बिल, व्यापारिक भुगतान, कैश ऑन डिलीवरी, ऑफलाइन भुगतान जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी। सारा लेनदेन क्यूआर कोड वाले एटीएम कार्ड से होगा। यह कार्ड आपको खाता खुलवाते समय मिल जाएगा। पीओएस मशीन में कार्ड डालने और फिर थंब स्कैन करने के बाद लेनदेन हो जाएगा।
आधार और पैन कार्ड से खुलेगा खाता
खाता खोलने के लिए किसी फार्म या फोटो की जरूरत नहीं पड़ेगी। आधार कार्ड और पैन कार्ड से ही खाता खुल जाएगा। यह खाता जीरो बैलेंस पर खुलेगा। आधार या पैन कार्ड नहीं है तो भी खाता खुल जाएगा। दोनों के बनते ही ब्रांच या एक्सेस प्वाइंट पर जाकर लिंक कराना होगा।
टोल नंबर घुमाओ पैसा आपके घर
खाताधारक को रुपये निकालने हैं और वह बैंक जाना नहीं चाहता है तो उसे आईपीपीबी के टोल फ्री नंबर 155299 पर कॉल या एसएमएस करना होगा। कुछ देर बाद संबंधित पोस्टमैन आपके घर पहुंच जाएगा। पीओएस मशीन में क्यूआर कोड डालने और थंब स्कैन करने पर आपको रुपये मिल जाएंगे। इसी तरह आप पैसा जमा भी कर सकेंगे।