ग्रीनपार्क स्टेडियम में मैदान तैयार करते कर्मचारी।
- फोटो : संवाद।
कानपुर। बीसीसीआई ने सोमवार को भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों टीमें 27 सितंबर को लखनऊ से कानपुर पहुंचेंगी और होटल लैंडमार्क में ठहरेंगी। पहला मुकाबला 30 सितंबर को ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें शहर में करीब 10 दिन रुकेंगी।
सीरीज से पहले दोनों टीमें ग्रीनपार्क में होने वाले अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाएंगी। 28 सितंबर को दोपहर एक से चार बजे तक भारतीय टीम और शाम पांच से रात आठ बजे तक ऑस्ट्रेलिया ए टीम अभ्यास करेगी।
इसी तरह 29 सितंबर की दोपहर एक बजे से ऑस्ट्रेलिया ए तथा शाम पांच बजे से भारत ए टीम अभ्यास करेगी। 30 को मैच के बाद एक व दो और चार अक्तूबर को भी अभ्यास सत्र होंगे। दूसरा वन डे मैच तीन अक्तूबर को और अंतिम पांच को खेला जाएगा।
अभ्यास के लिए तैयार की जा रहीं छह पिच
ग्रीनपार्क स्टेडियम में नौ पिच हैं लेकिन किस पर मैच खेला जाएगा यह अभी तय नहीं है। अभ्यास के लिए कुल छह पिच और गेंदबाजों के लिए स्ट्रिप विकेट तैयार की जा रही है। बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर शिव कुमार के मुताबिक सभी मुकाबले डे-नाइट होंगे। इसलिए फ्लड लाइट को भी तैयार किया जा रहा है।
दो अक्तूबर को रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
दो अक्तूबर को गांधी जयंती और दशहरा है। इस दिन परेड रामलीला मैदान पर मेला लगेगा। वहीं लैंडमार्क होटल में भी कई आयोजन होते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क की जा रही हैं। टीम के अभ्यास का दिन होने के चलते ग्रीनपार्क और होटल लैंडमार्क की कड़ी निगरानी की जाएगी। टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मिलकर सुरक्षा इंतजामों पर वार्ता की। पुलिस कमिश्नर ने 27 सितंबर से दोनों टीमों को सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही।