ग्रीनपार्क में पिच क्यूरेटर और ग्राउंड्स मैन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी मुश्किल को मात दी जा सकती है। मंगलवार को भारत-आस्ट्रेलिया ए का पहला वनडे लगातार बारिश से नहीं हो सका था। वहीं बीसीसीआई की ओर से दूसरे दिन बुधवार को मैच कराने का फैसला आने के बाद वेन्यू डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर और उनकी टीम ने रातभर जागकर मैदान को खेलने योग्य बनाया और बुधवार को तय समय पर मैच शुरू हुआ।
मंगलवार को दिनभर हुई बारिश के बाद रात नौ बजे पानी थमा तो बीसीसीआई ने बुधवार को मैच कराने का फैसला लिया। इसके बाद डॉ. संजय कपूर ने पिच क्यूरेटर शिवकुमार और मोहाली से आये पिच क्यूरेटर राकेश कुमार के साथ सभी ग्राउंड्स मैन से वार्ता की और रात 10.30 बजे से कवर्स पर जमा पानी निकालने का काम शुरू हुआ। तीन घंटे तक लगातार पानी हटाया गया।