छापा मारने से पहले नौ महीने तक की गई थी रेकी
सुराग लगने के बाद आयकर अफसरों ने सीधे छापा न मारकर पहले नौ महीने तक रेकी की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। एमरल्ड के प्रमोटर रितु हाउसिंग के संजीव झुनझुनवाला के प्रतिष्ठानों और गतिविधियों पर नजर रखी। बैंक खातों को खंगाला गया। नजर रखी गई कि एमरल्ड गुलिस्तां के डेढ़ से चार-पांच करोड़ के फ्लैटों की बिक्री में लिया जा रहा कैश कहां जा रहा है।
बुलियन कारोबारियों के खातों में मिला भारी कैश फ्लो
रेकी के दौरान आयकर के अफसरों को बुलियन कारोबारियों और संजीव झुनझुनवाला के कारोबारी संबंधों का तो पता चला। फिर उन्होंने राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेल्स प्राइवेट लिमिटेड और फर्म राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स के खातों पर नजर रखनी शुरू की, तो उसमें भारी कैश फ्लो मिला।
सोना पहुंचाने वाले रनर पर रखी नजर तो खुलीं परतें
आयकर अफसर इतने से ही संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने बुलियन कारोबारी अग्रवाल भाइयों के परिवार के प्रत्येक सदस्य के काम और उनकी व्यापारिक गतिविधियों को खंगालना शुरू कर दिया। इनकी कंपनी और फर्मों का सोना ऑर्डर पर ग्राहकों तक पहुंचाने वाले करीब 15 रनर पर नजर रखी, तो बुलियन के काले कारोबार की परतें खुलने लगीं।
अब साक्ष्य जुटाना भर ही रह गया था बाकी
अफसरों को पता कि एमरल्ड गुलिस्तां औद्योगिक घराने की जमीन पर बना है। यह भी साफ हो चुका था कि शहर के दिग्गज कारोबारियों ने अपनी काली कमाई इसमें खपाई है। बुलियन कारोबारी भाइयों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा होने का भी पता चल चुका था। रेकी में बोगस लोगों और बोगस फर्मों के जरिए काली कमाई खपाए जाने का भी पता चल गया। अब साक्ष्य जुटाने थे।
250 से ज्यादा अफसरों ने पूरी तैयारी के साथ की छापेमारी
इसके बाद बीते गुरुवार को आयकर विभाग के 250 से ज्यादा अफसरों ने राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेल्स प्राइवेट लिमिटेड और फर्म राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स के अमरनाथ अग्रवाल, कैलाश नाथ अग्रवाल व इनके बेटों अमरेष अग्रवाल व अभिषेक अग्रवाल के प्रतिष्ठानों व ठिकानों पर छापा मारा।
कानपुर के अलावा लखनऊ, अहमदाबाद आदि के प्रतिष्ठानों में छापा
इनके सहयोगी सुरेंद्र जाखोदिया, सौरभ बाजपेई के के प्रतिष्ठानों और एमरल्ड के प्रमोटर संजीव झुनझुनवाला के यहां भी कार्रवाई की। छापा शहर के अलावा लखनऊ, अहमदाबाद, दिल्ली, चेन्नई, मुंबई के प्रतिष्ठानों में साथ ही मारा गया। हालांकि छापा पूरा हो गया है, लेकिन आगे की जांच चल रही है।