मिर्जा इंटरनेशनल समूह पर आयकर विभाग का छापा
- फोटो : अमर उजाला
कर चोरी की आशंका में आयकर विभाग की 150 से ज्यादा अलग-अलग अफसरों की टीमों ने गुरुवार को देश के प्रमुख चमड़ा निर्यातक मिर्जा इंटरनेशनल समूह के कानपुर, उन्नाव, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत दिल्ली, उत्तराखंड और कोलकाता में 45 से ज्यादा अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापा मारा। उन्नाव स्थित पांच टेनरियों और फैक्टरियों के अलावा कानपुर में 25 से ज्यादा स्थानों पर टीमें देर रात तक जांच पड़ताल करती रहीं। बड़े पैमाने पर दस्तावेजों को खंगाला गया है। लैपटॉप, मोबाइल जब्त किए गए हैं।
सुबह 8:30 बजे से छापे की कार्रवाई शुरू की गई। कानपुर के सिविल लाइंस, पार्वती बांग्ला रोड, ग्वालटोली, जाजमऊ, मालरोड स्थित प्रतिष्ठानों के अलावा उन्नाव स्थित पांच टेनरी, सहायक इकाई यूरो फुटवियर फैक्टरी पर छापा मारा गया। टेनरियों और फैक्टरी में सुबह की शिफ्ट इसी समय शुरू होती थी। कर्मचारी टेनरी और फैक्टरी आ भी गए थे। उन्हें गेट में ही रोक दिया गया और बाद में घर जाने के लिए कह दिया गया।