कानपुर। 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की अंडर-19 बालिका क्रिकेट स्पर्धा में मंगलवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को सात विकेट से पराजित किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की टीम ने खिताब जीता, जबकि मध्य प्रदेश उपविजेता रही।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित मैदान पर हुए मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर 20 ओवर में आठ विकेट पर 120 रन बनाए। टीम से साची ने 51, काशवी सिंह ने 18 रन की पारी खेली तो गेंदबाजी में यूपी की ओर से साक्षी गुप्ता व ईशा पांडेय ने दो-दो व रेखा रानी ने एक विकेट अपने नाम किया।
वहीं यूपी की टीम ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 122 रन बनाकर मैच जीता। जीत में कानपुर की शिवी सिंह ने पांच चौकों की मदद से 53 व शहर की ही शिबू सिंह पाल ने पांच चौकों व एक छक्के के दम पर 34 व प्रियंका चौधरी ने 20 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में दिल्ली की ओर से काशवी व विधि ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब साक्षी गुप्ता को चार विकेट लेने के लिए दिया गया।