कानपुर। नगर निगम के खेलो इंडिया और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के बच्चों के लिए निशुल्क खेल प्रशिक्षण का सातवां बैच मंगलवार से शुरू हो गया। इसमें आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में चयनित खिलाड़ियों को तीन माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को टीएसएच परिसर में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक बॉबी ने दी।
उन्होंने बताया कि सातवें बैच के लिए प्राप्त 424 आवेदनों में से सत्यापन के बाद 256 बच्चों को ट्रायल से चुना है। ट्रायल के बाद 250 बच्चों का अंतिम चयन किया गया, जिन्होंने मेडिकल व अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। चयनित खिलाड़ियों का नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है।
इससे पूर्व टीएसएच में ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के छह बैच पूरे हो चुके हैं, जिनमें 1556 बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर चार रजत व छह कांस्य पदक, जबकि जिला स्तर पर 36 स्वर्ण, 32 रजत व 48 कांस्य पदक जीते हैं। टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति, फिटनेस मॉनिटरिंग और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। मौके पर पीके श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।