कानपुर। जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) के अंतर्गत आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में कानपुर जोन ने प्रदेश भर में अगस्त की समीक्षा में पहली रैंक हासिल की है। यह लगातार 12वीं बार अव्वल आया है। वहीं, कानपुर कमिश्नरी को प्रदेश भर में 66 वीं रैंक हासिल हुई है।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्रदेश भर से शिकायतें आती हैं जिनकी जांच और निस्तारण के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसकी मॉनीटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से होती है। प्रार्थना पत्र की जांच के विभिन्न पहलुओं और आवेदक के संतुष्ट होने के मानकों पर देखा जाता है। अगस्त की समीक्षा में कानपुर जोन की पुलिस ने बेहतर कार्य किया है जिस पर जोन को पहली रैंक हासिल हुई है। कानपुर जोन के अंतर्गत आने वाले कानपुर रेंज और झांसी रेंज की भी पहली रैंक आई है।
वहीं, अगस्त में आई शिकायतों की समीक्षा में कानपुर कमिश्नरी को प्रदेश भर में 66 वीं रैंक हासिल हुई है। कई थानों में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं हुए हैं जबकि आवेदकों का संतुष्टि स्तर बेहद खराब है। पिछले महीने कानपुर कमिश्नरी की रैंक 70 थी। कमिश्नरी के स्टाफ ऑफिसर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस अधिकारियों और जांच अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण जांच करने के लिए कहा गया है। कानपुर कमिश्नरी के काफी नंबर तो आवेदकों के संतुष्टि स्तर खराब होने से कट जा रहे हैं।