कानपुर देहात। रंगदारी व मारपीट के मामले में बिकरू कांड के चार आरोपियों को वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। हालांकि पीठासीन अधिकारी के न होने से मामले की सनवाई नहीं हो सकी। सुनवाई की अगली तारीख 28 जनवरी मुकर्रर की गई है।
चौबेपुर के बिकरू गांव की रोली शुक्ला ने मुठभेड़ में मारे जा चुके कुख्यात विकास दुबे व उसके साथियों पर बंदूक व रायफल के दम पर रंगदारी वसूल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह भी आरोप लगाया था कि रुपये न देने पर आरोपियों ने मारपीट करने के साथ परिवार को खत्म करने की धमकी दी।
इस मामले की सुनवाई एसीजेएम प्रथम की कोर्ट में चल रही है। मंगलवार को आरोप निर्धारण पर बहस होनी थी, लेकिन पीठासीन के न होने से बहस नहीं हो सकी। वहीं आरोपी हीरू दुबे उर्फ धर्मेंद्र, जिलेदार, गोपाल सैनी व शिवम दुबे को कोविड की वजह से कोर्ट ने तलब नहीं किया। इन सभी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई गई।