रूरा। नगर पुल के पास रूरा-झींझक मार्ग किनारे की जमीन एक वर्ष पहले बुलडोजर से कब्जा मुक्त कराई गई थी। अब यहां फिर से टिनशेड डालकर व अन्य सामान एकत्र कर कब्जा कर लिया गया है। रूरा में नहर के किनारे सड़क से लगी बेसकीमती जमीन है। यहां 52 लोगों ने कब्जा कर अस्थायी व स्थायी कब्जा कर लिया था। बीते साल बुलडोजर चलाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था। इसके बाद दोबारा से इन्हीं कब्जेदारों ने उक्त जमीन में छप्पर व टट्टर डाल कब्जा करना शुरू कर दिया। अब टिनशेड डाल लिए गए हैं। मशक्कत के बाद कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर फिर से स्थायी कब्जे की तैयारी है। इससे सड़क संकरी होने से वाहन सवारों को परेशानी होती है।
पैदल राहगीरों के लिए जगह नहीं बचती है। उन्हें वाहनों के बीच से ही निकलना पड़ता है। इससे दुर्घटना का खतरा रहता है। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारी जल्द ही इस पर ध्यान नहीं देंगे तो अतिक्रमण की चपेट में यह पूरा क्षेत्र दोबारा आ जाएगा। सिंचाई विभाग के जेई महेंद्र सिंह ने बताया कि 47 कच्चे व 9 पक्के निर्माण बीते साल ध्वस्त कराए जा चुके हैं। अब फिर से कब्जे होने की जानकारी मिली है। जांच कराकर जल्द की अभियान शुरू किया जाएगा।