कानपुर। चकेरी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह जुलाई 2024 में क्षेत्र के ही युवक से हुआ। विवाह के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। बीती 23 नवंबर को उनके देवर ने उनके बेडरूम में हिडेन कैमरा लगाकर उनका और पति का अश्लील वीडियो बना लिया।
वीडियो दिखाते हुए शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पति के विरोध करने पर ससुरालीजन एक हो गए और पति समेत पीड़िता को पीटा। महिला ने बताया कि 25 दिसंबर 2024 को चकेरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों में थाने बुलाकर समझौता करा दिया। इसके बाद भी ससुरालीजन प्रताड़ित करते रहे। इसके बाद भी बात न बनने पर उनके पति को जेल भेजने की धमकी दी। इससे तंग आकर उन्होंने सीपी रघुवीर लाल से शिकायत की। कार्यवाहक थाना प्रभारी रिजवान खान ने बताया कि देवर समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)