उन्नाव में गंगा में बड़े पैमाने पर हुए बालू के अवैध खनन का मुद्दा शासन तक पहुंच गया है। खनन निदेशालय के निर्देश पर शुक्रवार शाम को कानपुर के खनन निरीक्षक ने टीम के साथ बंदीपुरवा गांव के पास हुए खनन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान झाड़ी में छिपाकर खड़ी की गईं तीन पोकलैंड मशीनें सीज कर दीं।
गंगा में कितनी बालू का खनन किया गया और किसने किया इसकी जांच लंबी चलेगी। खनन निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट निदेशालय को देने की बात कही है। मालूम हो कि सदर तहसील क्षेत्र में गंगा कटरी के बंदीपुरवा और बदरका तुर्किहा गांव के पास दो स्थानों पर खेत की बालू हटाने की अनुमति लेकर गंगा की धारा रोककर बीच में बड़े पैमाने पर खनन किया गया।