आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र सुमित चौधरी
आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र सुमित चौधरी के पास लंदन में अपनी कंपनी शुरू करने का ऑफर आया है। दरअसल, लंदन मेयर्स इंडिया इमर्जिंग (आईई)-20 बिजनेस प्रोग्राम के तहत देश के टॉप-20 स्टार्टअप में सुमित की भी कंपनी शामिल की गई है। इसके चलते लंदन के मेयर सादिक खान ने उन्हें ये ऑफर दिया है।
सोमवार को जारी की गई सूची में देश में काम करने वाली अलग-अलग क्षेत्रों की 20 कंपनियां हैं। इसमें सुमित चौधरी की कंपनी गाया स्मार्ट सिटी का भी नाम शामिल है। सुमित की कंपनी टेलीकॉम, टेक्नोलॉजी, आईटी क्षेत्र में अपनी सेवाएं देती है।
रिलायंस जियो के रह चुके हैं सीआईओ
आईआईटी कानपुर से 1992 में इलेक्ट्रॉनिक्स इलेक्ट्रिकल से बीटेक करने वाले सुमित बताते हैं कि सबसे पहले उन्होंने एक साल फिलिप्स कंपनी में नौकरी की। 1993 में आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। यहां से उन्होंने मास्टर और पीएचडी की पढ़ाई करने के बाद यूएस की टेलीकॉम कंपनी केपीएमजी में नौकरी करने लगे। कुछ साल बाद इस कंपनी के पार्टनर भी बन गए और फिर सीईओ बन गए। 2006 में सब कुछ छोड़कर सुमित भारत आ गए और यहां रिलायंस कम्यूनिकेशन के चीफ इंफॉरमेशन ऑफिसर (सीआईओ) पद पर नौकरी की। रिलायंस जियो के सीआईओ और रिलायंस इंटरप्राइजेज बिजनेस के प्रेसिडेंट पद पर भी काम किया।
2015 में शुरू की कंपनी
सुमित बताते हैं कि 2015 में रिलायंस कंपनी छोड़कर उन्होंने खुद की ‘गाया स्मार्ट सिटी’ नामक कंपनी की शुरुआत की। कानपुर, वाराणसी, आगरा, लखनऊ सहित देश के सौ शहरों में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार के साथ उनकी कंपनी काम कर रही है।
लंदन के मेयर का ऑफर
- कंपनी शुरू करने के लिए कार्यालय देंगे।
- सभी सरकारी विभागों से अनापत्ति पत्र दिलवाएंगे।
- शहर में सेवाएं प्रदान करने का मौका देंगे।
- सरकारी विभागों के प्रोजेक्ट दिलवाएंगे।