कानपुर। आईआईटी कानपुर के छात्रों को तकनीकी रूप से मजबूत करने, रिसर्च और नवाचार को बढ़ावा देने तथा फेलोशिप प्रदान करने के उद्देश्य से संस्थान के पूर्व छात्रों ने बड़ी आर्थिक मदद की है। चार बैच के छात्रों ने करीब 137 करोड़ रुपये की रकम संस्थान के विकास के लिए दी है। इससे विशेष रूप से मिलेनियम स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड सोसाइटी की स्थापना की जाएगी। संस्थान में बन रहे गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज के लिए भी बड़ी रकम दान की गई है।
हर साल आयोजित होने वाले रीयूनियन में आईआईटी के पूर्व छात्र जो उच्च पदों पर कार्यरत हैं, गुरुदक्षिणा के रूप में संस्थान को आर्थिक मदद देते हैं। इस साल वर्ष 2000 बैच के छात्रों ने सबसे बड़ी रकम 100 करोड़ रुपये संस्थान को दिए। वहीं, वर्ष 1976 बैच के छात्रों ने 13.40 करोड़, 1986 बैच के छात्रों ने 11 करोड़ और 1990 बैच के छात्रों ने 13.20 करोड़ रुपये संस्थान को दान किए। हर साल आईआईटी के पूर्व छात्र रीयूनियन के दौरान संस्थान को धन देते हैं, जिसका इस्तेमाल अनुसंधान, नवाचार के साथ संस्थान के विकास और छात्रहित में किया जाता है।
इस साल मिले करीब 137 करोड़ रुपये का उपयोग मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र, नया छात्रावास, ऑडीटोरियम, कृत्रिम हृदय अनुसंधान और अन्य प्रमुख विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि पूर्व छात्र संस्थान की असली धरोहर हैं। उनके योगदान से संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक गतिविधियों में वृद्धि होती है और संस्थान लगातार वैश्विक पहचान बनाए रखता है।