कानपुर। पीपीएन कॉलेज में आईक्यूएसी के तत्वावधान में प्रतियोगी प्रकोष्ठ की ओर से गेट-2027 और जैम-2027 की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें आईआईटी कानपुर की गेट-जैम आउटरीच टीम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा पद्धति, उच्च शिक्षा, शोध और करियर के अवसरों की जानकारी दी।
प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी योजनाबद्ध तरीके से करनी चाहिए। गेट और जैम जैसी परीक्षाएं देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च शिक्षा और शोध के अवसर उपलब्ध कराती हैं।
डॉ. शुभम कुमार ने जैम की तैयारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा तैयारी के साथ समय प्रबंधन भी जरूरी है। डॉ. सूर्यप्रकाश राव ने विषयवार अध्ययन, प्रश्नों के अभ्यास और समय-समय पर तैयारी का आकलन करने की सलाह दी। प्रतियोगी प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल कुमार सिंह ने संचालन किया।