कानपुर। अगर आप वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते, ट्रिपल राइडिंग करते हैं या तेज रफ्तार से बेपरवाह सड़क पर दौड़ते हैं तो सतर्क हो जाएं। परिवहन विभाग अब ऐसे चालकों को अपराधियों की तरह चिह्नित कर उनके पुराने यातायात अपराध को खंगालने की तैयारी में है। आरटीओ कार्यालय ने निर्देश जारी किए हैं, जिस वाहन का एक ही अपराध में पांच से ज्यादा बार चालान होगा तो अब उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने से लेकर वाहन का पंजीयन रद्द होगा।
शासन ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पूरे प्रदेश के उन स्थानों को चिह्नित किया है जहां पर सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होतीं हैं। इनमें कानपुर का सागर हाईवे भी शामिल है। एआरटीओ आलोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नया डिजिटल सिस्टम तैयार किया गया है। सॉफ्टवेयर में बदलाव के बाद यदि किसी व्यक्ति का एक ही अपराध में पांच बार से अधिक चालान होगा तो वाहन और मालिक की पूरी हिस्ट्री अपने आप अपडेट हो जाएगी। ऐसे लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित कर दिए जाएंगे। फिर भी सुधार नहीं हुआ तो वाहन का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई होगी।