कानपुर देहात। अकबरपुर के परी चौक व नमस्ते चौराहा पर तेज गति में निकलने वाले वाहनों का चालन खुद ब खुद कट जाएगा। यह एआई कैमरों की मदद से होगा। जिले में यातायात व्यवस्था को और पुख्ता किया जा रहा है। कई प्रमुख चौराहों व मार्गों पर एआई कैमरे लग गए हैं । 24 घंटे निगरानी करेंगे और नियम तोड़ने वालों का ई-चालान करेंगे। छूटे चौराहों पर ये कैमरे जल्द लगाए जाएंगे।
ट्रैफिक नियमों के पालन को सख्त बनाने के लिए यातायात विभाग ने एआई-आधारित स्पीड कैमरों का दायरा बढ़ाया है। हाइवे से लेकर नगर की व्यस्त सड़कों तक ये कैमरे हर वक्त वाहनों की निगरानी कर रहे हैं। ऐसे में जरा-सी लापरवाही भारी जुर्माने में बदल सकती है। टीएसआई सिराजुद्दीन ने बताया कि नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए बदलाव किए जा रहे हैं। इसके लिए अकबरपुर के नमस्ते चौराहा के पास स्थित अंडरपास पर एआई कैमरा लगाया गया है। इसके अलावा रनियां में मैथा तिराहे पर एआई कैमरा लगाया गया है। कहा कि यह कैमरे वाहन की गति, नंबर प्लेट और समय सब कुछ अपने-आप रिकॉर्ड करते हैं।
जैसे ही वाहन तय सीमा से तेज चलता है ऑटोमैटिक ई-चालान जनरेट हो जाता है। एआई-इनेबल्ड स्पीड कैमरों की खासियत यह है कि स्पीड नहीं, बल्कि कई पैरामीटर पर काम करते हैं, जैसे वाहन की लेन पोजिशन। अचानक ब्रेक या खतरनाक ड्राइविंग पैटर्न, बार-बार स्पीड लिमिट तोड़ने वाले वाहनों की हिस्ट्री ट्रैकिंग करते हैं। इतना ही नहीं बिना हेलमेट, सीट बेल्ट की पहचान भी करते हैं। बताया कि इसके पहले यह कैमरे अकबरपुर के परी चौक, माती तिराहा, नबीपुर व भोगनीपुर में भी लगाए जा चुके हैं। आगे इनका दायरा और बढ़ाया जाएगा।