कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में रविवार को क्रिकेटरों ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण में जमकर पसीना बहाया। कोच ने उन्हें वीडियो दिखाकर उनकी तकनीकी कमियों को न सिर्फ बताया, बल्कि नेट पर अभ्यास कराया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से चल रहा है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में खेलने का मौका मिलेगा।
कैंप के तीसरे दिन रविवार को नेट्स सत्र में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में करन शर्मा, आर्यन जुयाल, प्रियम गर्ग, माधव कौशिक और स्वास्तिक चिकारा ने शानदार अभ्यास किया। वहीं गेंदबाजी में विप्रराज निगम, यश दयाल, शिवम शर्मा, प्रशांतवीर, आराध्य यादव, कुनाल त्यागी, सिद्धार्थ यादव, विजय कुमार और प्रिंस यादव ने अपनी लय और धार दिखाई। सुबह के सत्र में मुख्य कोच ज्ञानेंद्र पांडेय ने खिलाड़ियों की फिटनेस और तकनीकी तैयारी का बारीकी से आकलन किया। नेट्स अभ्यास से पहले खिलाड़ियों को पिछले सत्र के मैचों के वीडियो दिखाकर उनकी तकनीकी कमियों की ओर ध्यान दिलाया गया और उन्हें सुधार के लिए विशेष लक्ष्य दिए गए। बल्लेबाजों ने करीब एक घंटे तक नेट्स पर कलात्मक और रक्षात्मक शॉट खेलने का गहन अभ्यास किया। कोच ने कई खिलाड़ियों को जरूरी टिप्स दिए।