रोडीज मेरी जान है। रोडीज के हर सीजन को होस्ट करना चाहता हूं। यह कहना है एक्टर, एंकर रनविजय का। रनविजय अपने दूसरे शो स्पिल्ट्सविला सीजन-8 के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को शहर में थे।
स्पिल्ट्सविला सीजन-8 को रनविजय, सनी लियोनी के साथ होस्ट करेंगे। एमटीवी पर प्रसारित होने वाला यह शो शनिवार चार जुलाई से शुरू हो रहा हे। शो शनिवार और रविवार दो दिन प्रसारित होगा।
पत्रकार वार्ता में रनविजय ने बताया कि स्पिल्ट्सविला की थीम ‘महिलाओं को क्या पसंद’ पर आधारित है। इस शो में आठ सामान्य लड़के और आठ सेलिब्रिटी लड़के, 14 लड़कियों का दिल जीतने की कोशिश करेंगे। रनविजय कहते हैं कि अगर वह खुद कंटेस्टेंट होते तो ईमानदारी और सम्मान देकर लड़की का दिल जीतने की कोशिश करते।
शो की शूटिंग गोवा में हुई है। रनविजय कहते हैं कि मई में गोवा की गर्मी में शूट करना काफी टफ था। कड़ी धूप में चार से पांच घ्ांटे शूटिंग करनी पड़ती थी। उन्होंने बताया कि सनी लियोनी के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा। रनविजय ने बताया कि स्पिल्ट्सविला और रोडीज जैसे रियलिटी शो इंडिया में ही बने हैं। अगर किसी और देश को इसे बनाना है, तो भारत से इजाजत लेनी पड़ेगी। पुकार जैसे सीरियल में काम कर चुके रनविजय ऐसे ही छोटे छोटे सीरियल करना चाहते हैं।