इटावा मे सुसराल वालों पर उत्पीड़न और भाजपा नेता पर रिपोर्ट दर्ज नहीं होने देने का आरोप लगाने वाली आगरा की शिल्पी के मामले में गुरुवार को एक और मोड़ आया। कृष्णानगर निवासी प्रशांत ने पत्नी शिल्पी पर प्रेमी के बहकावे में आकर ब्लैकमेल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
एसएसपी को दी शिकायत पर उसने पत्नी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की है। आगरा जिले की बाह निवासी शिल्पी पुत्री दिनेश शर्मा की शादी शहर के कृष्णानगर निवासी प्रशांत उपाध्याय के साथ हुई थी। उनके एक बेटा भी है। शिल्पी ने बुधवार को एसएसपी संतोष मिश्रा को शिकायत देकर पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए मारपीट करने और फिनायल पिलाने का आरोप लगाया था।
गुरुवार को शिल्पी के पति प्रशांत और ससुराल वालों ने भी एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि शिल्पी का बाह के एक युवक से प्रेम प्रसंग है। उसी की बहकावे पर शिल्पी परिवार को ब्लैकमेल और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच रही है। इसकी शिकायत मायके वालों से की गई थी लेकिन वे भी इस साजिश में शामिल हैं। प्रशांत ने आरोप लगाया कि शिल्पी की धमकियों से उनका परिवार भयभीत है।
उन्होंने एसएसपी से शिल्पी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिल्पी का कहना है कि ससुराल वाले झूठे आरोप लगा रहे हैं। जिस लड़के की बात की जा रही है उसने शिल्पी को मैसेज किए थे, जो उसने खुद पति को दिखाए थे।
मैंने कभी शिल्पी का विरोध नहीं किया : रघुवीर
भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष रघुवीर तिवारी का कहना है कि उन्होंने कभी भी शिल्पी का विरोध नहीं किया। उन्होंने बताया कि प्रशांत की मां और शिल्पी की बहन दोनों ही उनकी रिश्तेदारी में हैं। इस नाते कुछ दिनों पहले कहासुनी होने पर प्रशांत और शिल्पी मेें समझौता कराया था।
भाजपा नेता का कहना है कि वे यही चाहते हैं पति-पत्नी सुख से रहें। फिर भी अगर शिल्पी कार्रवाई चाहती है तो स्वतंत्र है। उन्होंने ये भी बताया कि उनके और उनके भाइयों पर दर्ज ज्यादातर मुकदमे समाप्त हो गए हैं। केवल एक ही मुकदमा विचाराधीन है।