औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्ती तालाब निवासी एक विवाहिता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में पीड़िता ने यह भी बताया कि ससुरालीजनों के इस कृत्य में उसके पति ने भी शराब के नशे में उससे मारपीट की।
जब उसने विरोध किया तो उसके पति ने उसे तीन तलाक कहकर तलाक दे दिया। पीड़िता ने एसपी से उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। मोहल्ला सत्ती तालाब निवासी जैनब बेगम पुत्री सलीम ने बुधवार को ककोर मुख्यालय स्थिति एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी सुनीति को शिकायती पत्र देकर देकर पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज की मांग करने व मांग पूरी न करने पर पति द्वारा तलाक दिए जाने का मामला दर्ज करने की गुहार लगाई।
शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 30 जून 2019 को कसबा दयालपुर औरैया निवासी उबैद पुत्र जलील के साथ हुई थी। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। बावजूद इसके उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया। इसके बाद भी उसके ससुरालीजनों की दहेज की इच्छा खत्म नहीं हुई।
बताया कि शादी तय होने के दौरान ही उसके ससुर ने उसके पिता से पोल्ट्री फार्म खोलने के लिए दो लाख रुपये लिए थे। बताया कि उस दौरान उसके ससुरालीजनों ने शादी में बाइक, सोने की अंगूठी व चेन न देने पर सहमति दी थी। बताया कि शादी के तीन माह बाद ही उसके ससुरालीजन उससे दहेज में 50 हजार की मांग करने लगे।
इस पर जब उसने अपने मायके वालों को यह बात बताई तो उन्होंने उनकी मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जता दी। जिस पर उसके ससुरालीजनों ने दो अक्तूबर को दहेज की मांग पूरी न कर पाने के चलते उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। तब से वह मायके में रह रही है। इस मामले में पीड़िता जैनब ने बताया कि गत 20 अक्तूबर को उसका पति उबैद शराब के नशे में मायके आया और नशे की हालत में उसे घर से बाहर खींचने लगा।
जब उसने इसका विरोध किया तो उसके पति ने उसे तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया। पीड़िता ने बताया कि वह पति के साथ रहना चाहती है लेकिन उसके ससुरालीजन उसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उसने एसपी से पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में जैनब की मां रुखसाना ने बताया कि उसकी पुत्री का पति उबैद नगर पालिका में प्राइवेट पाइप लाइन डालने का काम करता है।