मृतक की फाइल फोटो व मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में बघौली थाना क्षेत्र के मढ़िया नगर पटरी पर मंगलवार सुबह एचटी लाइन के टूटे तार की चपेट में आने से बाइक सवार किसान को करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसे किसान की मौके पर मौत हो गई।
परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में जेई व लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम अहरी निवासी विजय मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा (46) पुत्र पशुपतिनाथ खेती करता था।
मंगलवार सुबह वह दूध लेने बाइक से पड़ोस के ग्राम थोकमाधौ जा रहा था। मढ़िया नगर पटरी पर गुजरते समय रास्ते में एचटी लाइन का टूटा तार उसकी बाइक में छू गया। जिससे बाइक में करंट उतरने से विजय गंभीर रूप से झुलस गया।
राहगीरों ने उसे नहर पटरी के किनारे पड़ा देखा तो सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक विजय की मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी।
मृतक के परिवार में पत्नी विनीता, दो बेटे व दो बेटियां हैं। मृतक की पत्नी विनीता ने जेई महेंद्र पालीवाल, लाइनमैन संजय के खिलाफ तहरीर दी है। क्षेत्रीय विधायक प्रभाष कुमार ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को मदद का आश्वासन दिया। एसओ जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर जेई व लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जेई बोले-वाहन के टकराने से टूटा था तार
किसान की मौत होने के मामले में जिम्मेदार खुद को बचाने की कवायद में लगे हैं। जेई महेंद्र पालीवाल ने बताया कि सड़क से किसी बड़े वाहन के गुजरे से क्लैंप इंसुलेटर सहित तार टूटकर नीचे गिर गया। जिसकी वजह से हादसा हुआ है। अगर शिकायत मिलती तो लाइन दुरुस्त करा दी जाती।