कानपुर। आवास विकास परिषद योजना पांच के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दी है। अब अधिकारी डीपीआर तैयार करने में जुट गए हैं। इसे मंधना-गंगा बैराज रोड में उतारने की तैयारी है। अब जल्द ही बैकुंठपुर, गंभीरपुर और बगदौधी बांगर में लैंड पुलिंग शुरू होगी। इसके बाद आवासीय क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
जीटी रोड के पास मंधना भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना संख्या पांच को बसाए जाने के लिए अधिकारियों ने मंधना-बैराज रोड में इटरनिटी रिसोर्ट के पास बैकुंठपुर, गंभीरपुर और बगदौधी बांगर का सर्वे किया था। तीन गांवों की करीब 200 हेक्टेयर जमीन लैंड पुलिंग की जाएगी। आवास विकास परिषद की ओर से भेजे गए इस प्रस्ताव पर शासन ने मंजूरी देने के साथ ही सार्वजनिक सूचना भी जारी कर दी है। लैंड पुलिंग के तहत आवास विकास किसान की जमीन को निशुल्क लेकर उसका 25 फीसदी हिस्सा विकसित कर किसान को वापस कर देगा। इस पर अगले माह से कार्रवाई शुरू होगी। वहीं, बगदौधी बांगर में खसरा संख्या 593, 619, 622, 623, 629, 639, 638, 632, 633, 634, 645 भाग, बैकुंठपुर में खसरा संख्या 530, 529, 578, 577,575, 596, 636, 597,598 की जमीनों को लिया जाएगा। इसी तरह गंभीरपुर में भी जमीनों को लिया जाना है।
लैंड पुलिंग के बाद बनाई जाएगी डीपीआर
आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता फराज खान ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब लैंड पुलिंग की जानी है। तीन गांवों में जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लैंड पुलिंग के बाद डीपीआर तैयार की जाएगी। उसके बाद तय होगा कि कितने वर्गगज के कितने प्लाॅट काटे जाएंगे।
योजना चार में भी होगी लैंड पुलिंग
आवास विकास की आवासीय योजना चार मंधना-बिठूर रोड पर किए जाने की तैयारी चल रही है। इसमें बगदौधी कछार, परगही, पेम गांव की करीब 237 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसकी प्रक्रिया भी चल रही है।