करंट से झुलसे युवक के रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधूपुर में एचटी लाइन का जंफर टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इससे एक घर में टीवी का स्विच बंद करते समय करंट लगने से युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग को भी करंट का तेज झटका लगा। लोगों के घरों में रखे टीवी, फ्रिज, फंसे व अन्य उपकरण फुंक गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने डीएम आवास मार्ग पर शव रखकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने गांव के पास हाईवे जाम कर दिया। बाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के समझाने पर डेढ़ घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधुपुर में सुबह 11 बजे एचटी लाइन का जंफर टूटकर एलटी लाइन के तार पर गिर पड़ा। इससे एलटी लाइन की डिस्क फट गई और लोगों के घरों में11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ गया। इसी दौरान घर में टीवी बंद कर रहे गांव के टिंकू (20) पुत्र सियाराम की करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। गांव के यश (7) पुत्र अमित कुमार व शेर सिंह को भी करंट का झटका लगा। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को डीएम आवास रोड पर रख कर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर राजेंद्र कुमार व सीओ सिटी चौधरी रमेश सिंह ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर गुस्साए लोग पुलिस के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में मुआवजे का लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर ग्रामीण दोबारा आक्रोशित हो गए और शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कुमार व बसपा नेता कुलदीप सहित अन्य लोग पहुंचे। इन लोगों ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस बीच करीब डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।