कानपुर। शहर के तमाम पार्क रखरखाव के अभाव में बदहाल हैं। जूही सफेद के लोहा पार्क में घोड़े बांधे जा रहे हैं। इसी तरह आनंद बाग के पार्क में भी कूड़ा फैला हुआ है।
लोहा पार्क में सोमवार दोपहर में एक तरफ की दीवार टूटी हुई थी। अंदर चार घोड़े बंधे हुए थे। टूटी दीवार से लोग आवागमन भी कर रहे हैं। नगर निगम ने पार्क के अंदर लोगों की सेहत का ध्यान रखते हुए ओपन जिम के उपकरण तो लगवा दिए हैं लेकिन गंदगी ढेर लगे होने से दिनभर बदबू फैली रहती है। इस वजह से लोग पार्क के अंदर घूमने से कतराते हैं। क्षेत्र के अनिल तिवारी, सुरेश सिंह आदि ने बताया कि कई बार अधिकारियों और पार्षद से साफ-सफाई के लिए कह चुके हैं लेकिन कोई सुनता ही नहीं है।
इसी तरह आनंद बाग स्थित पार्क भी बदहाल है। पार्क के अंदर बने मंदिर में हर दिन मोहल्ले के लोग पूजा करने जाते हैं। इसी पार्क के अंदर गंदगी का ढेर लगा हुआ है। शाम को अराजकतत्व पार्क में शराब पीते हैं। क्षेत्र के विशाल, प्रदीप, अंशु, विपिन आदि ने बताया कि पार्क में सुबह टहलने के लिए जाओ तो शराब की बोतलें और गिलास दिखते हैं। ऐसे में पार्क में जाने का मन नहीं होता। अधिशासी अभियंता पर्यावरण दिवाकर भास्कर ने बताया कि बदहाल पार्कों की स्थिति को दिखवाया जाएगा। जहां भी गड़बड़ी होगी उसे ठीक कराएंगे।
शिलान्यास के दो माह बाद भी नहीं शुरू हो सका चिल्ड्रेन पार्क का काम
नगर निगम जोन दो के अंतर्गत हंसपुरम में त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के पीछे स्थित पार्क का 10 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और महापौर प्रमिला पांडेय ने शिलान्यास किया था। इसे चिल्ड्रेन पार्क के रूप में विकसित किया जाना था। इसका पत्थर भी पार्क के बाहर लगा है लेकिन अभी तक काम नहीं शुरू हो सका है।