इसी कार में मिली थी आशू की लाश
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर आशू हत्याकांड में फरार दीपिका शुक्ला के संबंध पूर्व दस्यु सुंदरी के भांजे शराब माफिया छोटे परिहार से भी हैं। इसका खुलासा पुलिस के जांच में हुआ है। हिस्ट्रीशीटर दीपिका शिवली भीखापुर निवासी यूपी पुलिस से रिटायर्ड स्व. अशोक चतुर्वेदी की बेटी है। उसकी शादी बैरी सवाई गांव निवासी हरिराम शुक्ला उर्फ बल्ली से हुई थी।
वह पति के साथ चाय की दुकान पर काम करती थी। यहां मायके के ही रहने वाले शराब तस्कर अवनीश शर्मा का आना जाना था। नजदीकियां बढ़ने के बाद वह पति और दोनों बच्चों को छोड़कर अवनीश के साथ भाग गई। अवनीश ने उसे शराब तस्करी के धंधे में उतार दिया। दीपिका के खिलाफ सचेंडी, कोहना, शिवली समेत अन्य थानों में शराब तस्करी के छह मुकदमे दर्ज हैं।
वर्ष 2017 में दीपिका की गिरफ्तार होने पर उसके संबंध छोटे परिहार से होने का खुलासा हुआ था। शराब तस्कर गिरोह को जहरीले केमिकल की सप्लाई करने वाले बैरी दरियाव निवासी भोलू और शोभन निवासी छुन्नू यादव से भी उसके संबंध रहे हैं। शिवली पुलिस ने सितंबर 2019 में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली थी।
पता चला है कि बुधवार को कल्याणपुर स्थित दीपिका के घर से दो बिना सिम लगे मोबाइल के अलावा चार प्रेम पत्र मिले थे, जिन्हें फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लिया है। सूत्रों के अनुसार बेंजाडीन टेस्ट में एक चटाई और जमीन पर खून की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। यह भी सामने आया है कि तीसरी मंजिल पर आशू की हत्या की गई थी। कमरे की नाली में खून मिला है।