बकेवर। लखना कस्बा में एक घर व दो अन्य स्थानों से चोरी करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके दो साथी फरार हो गए हैं। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी के जेवर व सामान आदि बरामद किए हैं।
लखना चौकी इंचार्ज हाकिम सिंह रविवार की रात पुलिस फोर्स के साथ आगरा कानपुर नेशनल हाइवे पर स्थित ढाबा के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी सूचना मिली की पूर्वी तिराहे पर कुछ संदिग्ध मौजूद है। चौकी इंचार्ज हाकिम सिंह मय फोर्स पहुंचे और चोर को दबोच लिया। वहीं दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए युवक ने अपना नाम मोहित उर्फ राजा निवाड़ीकलां थाना बकेवर बताया। पुलिस को बताया कि कस्बा लखना में बेरी खेड़ा रोड पर 10 जून को एक घर में सोने चांदी के आभूषण चोरी की थी। पुलिस ने दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक सोने का हार, एक चांदी का बिछुआ व दो जोड़ी चांदी की पायलों के अलावा 12 हजार 200 रुपये बरामद किए। साथ ही निशानदेही पर ग्राम पंचायत इन्द्रापुर के कार्यालय से 20 अगस्त की रात को चोरी एलईडी टीवी, बैट्री आदि सामान भी बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार मलिक ने बताया कि पकड़ा गया मोहित उर्फ राजा बकेवर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इसके ऊपर चोरी लूट के मामलों में 17 मुकदमे कोतवाली इटावा, फ्रेंड्स कॉलोनी, सिविल लाइन और बकेवर थाने में दर्ज हैं। जबकि अन्य दो साथियों पर औरैया जनपद के थाने और जनपद के थानों में अपराध करने के मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस भागे हुए चोरों की तलाश कर रही है।