लखनऊ में हिंदू नेता कमलेश तिवारी की हत्या होने के विरोध में रविवार को हिंदूवादी नेता सड़कों पर उतरे। उन्होंने बाजार बंद कराया। कहा कि अभी साजिशकर्ता ही पकड़े जा सके हैं। शीघ्र ही असली हत्यारों को गिरफ्तार करना ही होगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नेताओं को समझाया, तो झड़प हो गई। बाद में नेता चले गए और पुलिस ने बाजार खुलवा दिया।
विज्ञापन
करीब डेढ़ घंटे बाजार बंद रहे। उधर, शमसाबाद में पदयात्रा निकाली गई। दो दिन पहले लखनऊ में चर्चित हिंदू नेता कमलेश तिवारी की हत्या के बाद हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश है। हिंदू महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्र की अगुवाई में शुभम तिवारी समेत दर्जनों नेता और जनता के लोग सड़कों पर रविवार सुबह नौ बजे उतरे।
नेताओं ने घुमना से पक्केपुल तक घूम-घूम कर बाजार बंद करवाया। नेताओं ने कुछ दुकानों के खुद शटर बंद किए। कहा कि राजधानी में कमलेश तिवारी जैसे नेता की उनके ही दफ्तर में हत्या कर देने से साफ है कि बदमाशों का दुस्साहस कितना आ बढ़ गया है। कहा कि साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लेने से काम चलने वाला नहीं है।
शीघ्र ही असली हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो जिले भर के लोग सड़कों पर उतरेंगे। बाजार बंद कराने की सूचना मिलते ही साढ़े दस बजे घुमना चौकी प्रभारी तेजबहादुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेताओं को समझाने का प्रयास किया। नेता दुकानें बंद करा रहे थे, तो पुलिस ने खुलवाने का प्रयास किया, इस पर झड़प हो गई।
हालांकि बाद में हिंदूवादी नेता जब चले गए तो बाजार सामान्य दिनों की तरह खुल गया। करीब डेढ़ घंटे बाजार बंद रहे। बाजार बंद कराने वालों में किशन मिश्रा, राजन अवस्थी, जय अग्रवाल आदि दो दर्जन कार्यकर्ता थे। वहीं, शमसाबाद में हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सैनी की देखरेख में पदयात्रा निकाली गई।
बाजार कला से शुरू हुई पदयात्रा हनुमान मंदिर के पास शोकसभा के साथ समाप्त हुई। इस मौके पर सुमित मिश्रा, प्रतीक भारद्वाज, अनल शर्मा, महेंद्र शाक्य, रत्नेश यादव, ओमवीर शाक्य, अनिल शाक्य, करन सिंह, विजय कुमार, लज्जाराम वर्मा, महाराम वर्मा, श्यामसुंदर, सतेंद्र श्रीवास्तव, आकाश प्रजापति आदि थे।
पार्टी के नेता की हत्या के विरोध में निकाला आक्रोश मार्च
हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित नई कालौनी से शिवाजी मूर्ति तक आक्रोश मार्च निकाला। उनकी मांग है कि हत्यारोपियों के साथ षड़यंत्रकारियों को भी बख्शा न जाए। इसमें चैयरमैन सुनील चक भी पहुंचे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रत्नेश चक, हिंदू वाहिनी के नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, गौरव गोस्वामी, मनोज कुमार, आशीष सक्सेना आदि मौजूद रहे।