कानपुर देहात। एसआईआर में विसंगतियों और मिलान न होने की वजह से मतदाताओं की नोटिस दिया गया है। बीएलओ को इन नोटिसों को घर-घर देने के निर्देश हैं। हालांकि बीएलओ मनमानी कर रहे हैं। एक जगह बैठ कर बीएलओ मतदाताओं को फोन कर बता रहे हैं कि आपका नोटिस है। दस्तावेज लेकर 10-15 मिनट में आइए।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में मैपिंग से छूटे 1.24 लाख मतदाताओं को नोटिस दिया गया है। नोटिसों की सुनवाई चल रही है। इधर मैपिंग करा चुके मतदाताओं के नाम, पते या आयु आदि में विसंगति पर एसआईआर के आधार पर चिह्नित मतदाताओं की नोटिस दिया गया है। जिले में इस तरह की कुल 1.48 लाख नोटिस निर्गत हुए हैं। बीएलओ को इन नोटिसों को घर-घर जाकर देना है। इसकी रिसीविंग लेनी है और फोटो बीएलओ एप पर अपलोड करने के निर्देश हैं। इधर कई बीएलओ मतदाताओं को नोटिस देने उनके घर नहीं जा रहे हैं। बीएलओ फोन कर नोटिस आने की जानकारी देकर मतदाताओं को अपने पास बुला रहे हैं। कह रहे हैं कि यहीं आइए यहां नोटिस भी दे दिया जाएगा। इधर अचानक बीएलओ का फोन आने और दस्तावेज मांगे जाने को लेकर मतदाता असहज महसूस कर रहे हैं।
.......................
वर्जन...........
विसंगति पर जारी की गई नोटिस में पावती, घोषणापत्र और फोटो शत प्रतिशत अपलोड की जानी है। इसके बिना नोटिस की सुनवाई पूरी नहीं हो सकती है। बीएलओ को मतदाताओं से संपर्क करना ही पड़ेगा ऐसी व्यवस्था की गई है। यदि कोई बीएलओ फोन कर नोटिस की जानकारी देकर इस तरह मतदाताओं को अपने पास बुला रहा है तो गलत है। शिकायत मिलने पर संबंधित प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - अमित कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
...............
केस एक :
अकबरपुर-रनियां विधानसभा में रूरा नगर निवासी महेश ने बताया कि शनिवार सुबह बीएलओ ने फोन कर बताया कि उनका नोटिस है। इसपर वह डर गए कि किस बात की नोटिस है। बीएलओ ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय में बैठी हूं। आधार, राशन कार्ड, अंकपत्र या फिर बैंक पासबुक लेकर 15-20 मिनट में आइए। जब फोन आया तो वह घर से 20 किलोमीटर दूर थे। बीएलओ ने घर आकर कोई नोटिस नहीं दिया है।
......................
केस दो :
अकबरपुर-रनियां विधानसभा में रूरा निवासी विंशू ने बताया कि शनिवार को दोपहर में बीएलओ ने फोन किया। कहा कि बीएलओ बोल रही हूं। आपका नोटिस है। अंक पत्र व आधार कार्ड लेकर नगर पंचायत कार्यालय में आ जाइए। जब नोटिस नहीं मिलने का तर्क दिया तो बीएलओ ने कहा कि यहीं आइए यहां नोटिस भी मिल जाएगी।
.........................
इस तरह की विसंगतियों पर मिल रहा नोटिस
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के रौगांव बूथ की मतदाता सूची में शामिल रमेश ने बताया कि माता व पिता की आयु से उनकी आयु का अंतर केवल 15 साल का है। यह कारण दर्शाते हुए नोटिस निर्गत किया गया है। इसी बूथ की शोभा ने बताया कि माता-पिता की आयु में अंतर के कारण नोटिस निर्गत हुए है। अकबरपुर-रनियां विधानसभा के दस्तमपुर बूथ के देवनारायण ने बताया कि माता पिता की आयु में अंतर और नाम में भिन्नता का कारण दर्शाकर नोटिस निर्गत की गई है। इसी प्रकार चिरौरा बूथ के राकेश ने बताया कि माता व पिता की आयु में 50 साल का अंतर दर्शाकर नोटिस निर्गत की गई है। सभी मांगे गए दस्तावेज जुटाने का जतन कर रहे हैं।
.............................
छह मार्च को लिए जाएंगे दावे आपत्तियां
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और नाम काटने के लिए दावे एवं आपत्तियां छह मार्च तक ली जाएंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अब तक 44 से अधिक फार्म-6 आ चुके हैं। 1129 फार्म-7 आए हैं। वहीं 7500 से अधिक फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। विसंगति व मैपिंग से छूटे मतदाताओं दोेनों को मिलाकर कुल 2, 72, 130 नोटिस निर्गत की गई हैं। इसमें से करीब 1.5 लाख नोटिसों की सुनवाई की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि नोटिस पर सुनवाई 27 मार्च तक चलेगी।