रविवार को जिले में तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोग
दिनभर गर्मी से बेहाल रहे। कड़ी धूप व गर्मी के चलते अकबरपुर की साप्ताहिक
बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। लोग अपने जरूरी कामों से ही सड़कों पर निकलते
दिखाई दिए। तेज धूप से बचाव के लिए लोग अपने चेहरे को रुमाल, गमछे व तौलिया
से ढके दिखाई दिए।
बताते चलें कि रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली
थी। सूर्य की तेज किरणों की तपिश से लोग गर्मी से बिलबिला उठे। दोपहर
होते-होते गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई।
जिले का अधिकतम तापमान 39
डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। जिसके चलते अकबरपुर की साप्ताहिक बाजार
में दुकानदार सन्नाटे में बैठे रहे। वहीं स्टेट बैंक रोड स्थित टेंपो
स्टैंड भी खाली नजर आया। टेंपो चालक सवारियों के इंतजार में तेज धूप में
इंतजार करते रहे। लेकिन लोग अपने घरों में ही कैद रहे।
जरूरी कामों से
निकलने वाले रोग छाता, गमछा, तौलिया, रुमाल से अपने चेहरे व शरीर को ढकते
नजर आए। तेज धूप के चलते सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। शाम करीब पांच बजे
के आसपास धूप में कमी आने पर सड़कों पर चहल-पहल नजर आई।
चंद्रशेखर
आजाद कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने
बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान करीब 39.00 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।