बिकरू कांड के कुख्यात विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे के मामले में न्यायालय के सुनवाई के अधिकार को लेकर अभियोजन की आपत्ति दाखिल होने के बाद मंगलवार को बचाव पक्ष ने उसकी प्रति प्राप्त कर ली। जिस पर सुनवाई की अगली तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है।
बिकरूकांड में फर्जी सिम मामले में आरोपी बनाई गई रिचा दुबे की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट सुधाकर राय की अदालत में चल रही है। अधिवक्ता पवनेश कुमार शुक्ला व सीपी शुक्ला ने रिचा की तरफ से पूर्व में प्रार्थना पत्र देकर कोर्ट को कहा था कि रिचा पर पुलिस ने जो आरोप लगाए हैं, उसकी सुनवाई निचली अदालत में होनी चाहिए।
एंटी डकैती कोर्ट विशेष न्यायालय है। पुलिस की ओर से लगाए गए आरोप दस्यु प्रभावित क्षेत्र अधिनियम की सूची के अंतर्गत नहीं आते है। इस पर अभियोजन की ओर से प्रार्थना पत्र पर आपत्ति दाखिल कर दी गई। मंगलवार को बचाव पक्ष ने अभियोजन की आपत्ति को प्राप्त कर लिया। इस पर अब 24 मार्च को सुनवाई की जाएगी।