स्वास्थ्य कर्मचारी को पुलिस ने पीटा, कर्मियों ने काम ठप किया
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख में तैनात ऑपरेटर कन्हैया दुबे पुत्र राकेश कुमार निवासी केथोली जनपद मैनपुरी लॉकडाउन के बाद सीएचसी पर रुककर ड्यूटी करता है। मंगलवार सुबह नौ बजे नगला भारा निवासी आशा बहू सुमन देवी से फीडबैक लेकर वह लौट रहे थे।।
तभी बेहटा के पास लगे पुलिस बैरियर पर तैनात सिपाहियों ने डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जबकि उसके गले में फोटो युक्त पास तथा बाइक पर कोविड-19 इमरजेंसी ड्यूटी का स्टीकर लगा हुआ था। सिपाहियों ने इसके बाद भी उसकी पिटाई कर दी।
ऑपरेटर ने फोन से प्रभारी चिकित्साधिकारी से बात करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी से प्रभारी चिकित्साधिकारी अजहर सिद्दकी, फार्मासिष्ट अवनीश चतुर्वेदी, घनश्याम और अन्य कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया और मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मुख्य चिकित्साधिकारी को दी। घटना को लेकर सभी कर्मियों में रोष व्याप्त है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी अभी मिली है। जांच की जा रही है।