इटावा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद की समस्त 34 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फरवरी एवं मार्च माह के प्रत्येक रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 68 डाक्टर नियुक्त किए गए हैं। मरीजों को दवाइयां भी दी जाएंगी। शुभारंभ दो फरवरी से होगा।
सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने बताया कि जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला को सफल बनाने के संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जानकारी ले चुके हैं। साथ ही कुछ दिशा निर्देश भी दिए हैं। बताया कि रविवार को स्वास्थ्य मेले का आयोजन का उद्देश्य इसका लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिल सके। स्वास्थ्य मेला नगर की चार तथा भरथना व जसवंतनगर के एक-एक समेत छह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक मेला में दो-दो एमबीबीएस डाक्टरों की तैनात किया गया है।
बताया एमबीबीएस डाक्टरों को सैफई मेडिकल कालेज से बुलाया जाएगा। अलावा इसके अन्य चिकित्सक भी रहेंगे। बताया मेला को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। जो लोग किन्हीं कारणों के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं पहुंच पाते हैं। उन्हें इस मेले से काफी लाभ मिलेगा। इसे सफल बनाने के लिए रविवार का दिन चुना गया है जिसका ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ उठा सकें।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के दौरान ही लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। लिहाजा लोग स्वास्थ्य परीक्षण कराने के अलावा गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए भी पहुंचे।