प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना को भारी सफलता मिल रही है। प्रतिदिन बैंक शाखाओं में हजारों की संख्या में खाताधारक इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए उमड़ रहे हैं। इधर यह संशय भी दूर हो गया है कि एक खाताधारक दोनों पॉलिसी नहीं ले सकता है। वहीं ज्वाइंट एकाउंट के मामले में यदि खाताधारक चाहें तो दोनों व्यक्ति एक-एक पॉलिसी ले सकते हैं। वहीं जो व्यक्ति अगस्त माह तक अपना बीमा करा लेंगे, उन्हें स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं देना होगा।
स्टेट बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि बीमा योजना में पंजीकरण कराने वाले लोगों में ग्रामीण क्षेत्रों का अनुपात 60 फीसदी है। लोग इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए नए खाते भी खुलवा रहे हैं। ये पॉलिसी सभी बैंक खाताधारकों के लिए उपलब्ध हैं। बेहद कम मूल्य पर होने वाली पॉलिसी का प्रीमियम खाते से ही काट लिया जाता है। इसमें सेवाकर की राशि अतिरिक्त है।
उधर, एक संशय यह भी समाप्त कर दिया गया है कि एक खाताधारक दोनों योजनाओं में से किसी एक में ही पंजीकरण करवा सकता है। बैंकों को हाल ही में निर्देश दिए गए हैं कि एक खाताधारक दोनों योजनाओं का लाभ ले सकता है। संयुक्त यानी ज्वाइंट एकाउंट में दोनों व्यक्ति एक-एक पॉलिसी भी ले सकते हैं या फिर कोई एक व्यक्ति दोनों पॉलिसी ले सकता है। एचडीएफसी समेत तमाम बैंक इंटरनेट बैंकिंग के जरिए भी पॉलिसी दे रहे हैं।
बैंक की वेबसाइट पर लॉग इन करने के बाद पॉलिसी कॉलम में क्लिक करके इन योजनाओं से संबंधित फॉर्म भरने की व्यवस्था है। अगस्त के अंत तक बीमा योजना का लाभ लेने वालों को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं देना होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से देना होगा। इसमें गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को बीमा योजना से वंचित होना पड़ सकता है।