रनियां। रायपुर बंबे के पास हाईवे पर रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। वह कानपुर से अपने गांव सैदलीपुर जा रहे थे। हादसे के समय प्रधानाध्यापक हेलमेट लगाए थे।
बरौर के सैदलीपुर निवासी राजकुमार (45) मोहलिया प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक थे। वर्तमान समय में वह कानपुर के नौबस्ता में मकान बनवा रहे थे। इसको लेकर अक्सर कानपुर आते जाते थे। रविवार को राजकुमार बाइक से कानपुर गए थे। देर रात वह वापस सैदलीपुर लौट रहे थे। रायपुर बंबे के पास हाईवे पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस बीच चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वहीं प्रधानाध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजा। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस पर पत्नी शिवकांती, बेटी मेद्या व बेटा आदित्य बिलखने लगे। रनियां चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।