डिप्टी एसपी के रूप में दिया परिचय
दोपहर में जनसुनवाई के दौरान पहुंचे धर्मेंद्र शर्मा नामक युवक ने डीएम कार्यालय के बाहर खड़े पुलिसकर्मियों को अपना परिचय डिप्टी एसपी के रूप में दिया। इस पर कर्मियों ने उसे डीएम के पास भेज दिया। बातचीत के दौरान संदेह होने पर डीएम ने उससे आई कार्ड मांगा। इसमें धर्मेंद्र का पद प्रिंसिपल प्रोडक्ट ओनर ग्रेड-1 लिखा था।
कार्ड में भारत सरकार समेत बने थे कई लोगो
रैंक गजटेड और ज्वॉइनिंग डेट 27 जनवरी 2021 लिखी थी। वर्क टाइप में फाइनेंशियल फ्रॉड डिटेक्शन रिमोट पैन इंडिया और ऑर्गेनाइजेशन का नाम एफआईएस ग्लोबल बिजनेस सॉल्युशंस लिखा था। डीएम ने बताया कि संदेह तब हुआ, जब कार्ड में भारत सरकार, साइबर क्राइम पुलिस हरियाणा, गृह मंत्रालय समेत साइबर क्राइम यूनिट का लोगो बना देखा।
पुलिस पूरी जांच कर रही है
यही नहीं कार्ड पर चकेरी थाना की मुहर लगी मिली। साथ ही, कार्ड खोने पर गृह मंत्रालय में जमा करने की बात लिखी है। डीएम ने बताया कि युवक के बातचीत करने का तरीका और आई कार्ड देखकर वह संदिग्ध लगा। पुलिस अभी उसके पते की पूरी जांच कर रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने धर्मेंद्र नामक संदिग्ध युवक को पुलिस को सौंपा था। धर्मेंद्र के पास से मिले सभी दस्तावेजों की जांच पुलिस कर रही है। आई कार्ड को सत्यापन के लिए गृह मंत्रालय व हरियाणा पुलिस को भेजा जाएगा। इसके साथ ही उसके घर का भी पता लगाया जा रहा है। -डॉ. राजेश कुमार, एडीएम सिटी