कानपुर। फोरेंसिक जांच की सटीक जानकारी देने के लिए हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में साइबर टूल विकसित किया जाएगा। इसके लिए एचबीटीयू और नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षिक समझौता हुआ है। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश में अपराध नियंत्रण संबंधी प्रोजेक्ट पर काम करने का निर्देश भी एचबीटीयू कुलपति को दिया है।
इसी के तहत एचबीटीयू कुलपति प्रो. समशेर और उनकी टीम ने दो दिन पहले नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) का भ्रमण किया है। प्रो. समशेर ने एनएफएसयू के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। टीम ने इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गनाइजेशन (इसरो) अहमदाबाद, एनएफएसयू अहमदाबाद और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय अहमदाबाद का भ्रमण किया है।
एनएफएसयू के साथ बैलेस्टिक टेस्टिंग सुविधा एवं तकनीकी विकास और साइबर सुरक्षा की दिशा में काम किया जाएगा। इसरो के साथ संचार क्षेत्र में क्वांटम टेक्नोलॉजी और चिप निर्माण टेक्नोलॉजी पर काम किए जाने की सहमति बनी है।