कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में होने वाली मिड सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए विवि ने सख्त रुख अपनाया है। विवि ने इसमें कम उपस्थिति वाले छात्रों को शामिल न करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद छात्रों के साथ अभिभावक परेशान हैं।
परीक्षा को लेकर बुधवार को विवि की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई हैं। एचबीटीयू में मिड सेमेस्टर की परीक्षाएं पहले 12 फरवरी से होनी थीं, इस दिन छुट्टी होने से तिथि बढ़ाकर 13 फरवरी कर दी गई। मिड सेमेस्टर परीक्षाएं 15 अंक की होती हैं, जिनके अंक सेमेस्टर परीक्षाओं में जुड़ते हैं।
विवि हर बार छात्रों से उपस्थिति को पूरा करने की बात कहता है। हर साल छात्रों की कम उपस्थिति के बावजूद उनको मौका दिया जाता था। इस बार विवि प्रशासन सख्त हो गया है। विवि का कहना है कि विषयवार 75 फीसदी उपस्थिति न होने छात्रों को मिड सेम में शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा।
इससे परेशान छात्रों ने सूचना अपने अभिभावकों को दी है। वहीं, अभिभावकों ने शिक्षकों व डीन से संपर्क करना शुरू कर दिया है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की मनोस्थिति ठीक नहीं है। ज्यादातर विषयों में आठ से 12 क्लास ही लगी हैं। तीन या चार क्लास छोड़ने पर 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि विवि की ओर से बच्चों की अनुपस्थिति की भी जानकारी नहीं दी जाती है।
12 फरवरी को छुट्टी होने के चलते कार्यालय बंद रहा, इसके बाद भी विवि प्रशासन ने परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। हॉस्टल में छात्र विरोध के मूड में हैं। उन्होंने शिक्षकों को मैसेज कर सभी परीक्षा छोड़ने की बात कही है।
वहीं, एचबीटीयू के डीन एकेडमिक्स ललित कुमार सिंह ने कहा कि हर बार छात्रों को उपस्थिति की गंभीरता के बारे में बताया जाता है। सभी छात्रों को कई बार नोटिस भी दिया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ छात्र गंभीर नहीं हुए। करीब 150 छात्रों को मिड सेम नहीं देने दिया जाएगा। कुलपति के आदेश पर नियम को लागू किया गया है।