कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में बीटेक और बीएसएमएस दाखिले की प्रक्रिया 28 मई से शुरू होगी। छात्रों को सीयूईटी और जेईई मेन की रैंक के आधार पर दाखिला मिलेगा। पहले पंजीकरण 20 से होने की बात कही गई थी, लेकिन तकनीक दिक्कतों की वजह से इसमें बदलाव किया गया है।
जेईई एडवांस का परिणाम आने से पहले ही प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीटेक की 912 सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। पहली बार एमटेक और एमएससी में कुछ नए कोर्स की भी शुरुआत होगी।
बीएसएमएस में जेईई मेन के दाखिले के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन सीटें बचने पर सीयूईटी के छात्र भी इसमें प्रवेश ले सकेंगे। बीटेक में केवल जेईई मेन की रैंक के आधार पर ही दाखिला दिया जाएगा।
एचबीटीयू में दाखिले का दौर चल रहा है। परास्नातक में तो दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन स्नातक में बीटेक में प्रवेश जेईई मेन, बीबीए, बीफार्मा में सीयूईटी के माध्यम से दिया जाएगा।
28 से केवल बीटेक व बीएसएमएस में ही दाखिला मिलेगा, अन्य विभागों में सीयूईटी का परिणाम आने के बाद तैयारी की जाएगी। डीन एकेडमिक्स प्रो. ललित कुमार ने कहा कि बीटेक की सीटों पर 28 से पंजीकरण शुरू होगा। इससे पहले 20 मई से पंजीकरण शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो पाया।
एमटेक और एमएससी में नए कोर्स
एचबीटीयू में एमटेक और एमएससी में नए कोर्स में दाखिले शुरू होंगे। सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक इन स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की शुरुआत होगी। वहीं, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल में एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी इन बायोकेमिस्ट्री शुरू होगा। स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल में एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी इन बायोकेमिस्ट्री की भी शुरुआत की गई है। इनमें सीयूईटी पीजी के स्कोर के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।