कानपुर। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में चल रही प्लेसमेंट ड्राइव में गुरुवार को 74 विद्यार्थियों को नौकरी मिली। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 36 छात्र-छात्राओं का चयन करते हुए उन्हें 8.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का ऑफर दिया। सीएस आईटी के 20 छात्रों का चयन टीसीएस में तथा एमबीए विभाग के आठ छात्रों का चयन डीमार्ट में हुआ।
मैकेनिकल एवं केमिकल के तीन विद्यार्थियों का चयन टाइटन में छह लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ। मैकेनिकल, पेंट और केमिकल के छह छात्रों का चयन मारुति में 12.8 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर किया गया। एथर एनर्जी ने भी केमिकल इंजीनियरिंग के एक छात्र को 10 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयनित किया। छात्रों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने बधाई दी। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के प्रभारी प्रोफेसर नवीन कुमार गुप्ता ने बताया कि प्लेसमेंट प्रक्रिया अभी भी जारी है।