डीएम के चेंबर में मां को लेकर पहुंचे बेटा बेटी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति की पिटाई के चलते एक पत्नी नौ माह से कोमा में हैं। इलाज का खर्च उठाने की बजाय खेत बेचकर आरोपी शौक पूरे कर रहा है। विरोध करने पर बेटे और बेटी भी पीटे जा रहे। बेटा व बेटी कोमा में गई मां को लाद कर गुरुवार को जब डीएम चेंबर पहुंचे तो हड़कंप मच गया। सीओ सिटी व इलाकाई फोर्स पहुंचा। परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ललौली थाना क्षेत्र के दसौली गांव निवासी रामऔतार पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी गुजरिया को सितंबर 2017 में पीटकर मरणासन्न कर दिया था। बेटी राधा ने बताया कि वह भाई पुत्तन के साथ मां को लेकर पीजीआई दिखाने जा चुकी है। डाक्टरों ने जवाब दे दिया है। किसी तरह से मां को जिंदा रखने की कोशिश कर रहे हैं। इन हालातों में भी पिता अपने शौके पूरे करने के लिए कुछ खेत बेच चुका है। बाकी घर और खेत बेचने की फिराक है। इलाज को भी रुपये नहीं देता है। विरोध करने पर कई बार उन दोनों की पिटाई की।
पीड़ित बेटा बेटी ने कलेक्ट्रेट डीएम के चैंबर में मां को लिटा दिया। मामला तूल पकड़ते देख सीओ सिटी केडी मिश्रा पहुंचे। उन्होंने समझा बुझाकर दोनों को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में उसे भर्ती किया गया। थानेदार राजेश मौर्या ने जिला अस्पताल में राधा और पुत्तन से मिले। शिकायती पत्र पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।