हरदोई जिले में पाली कस्बा के मोहल्ला शेख सरांय में जिलाबदर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर उसके परिजनो ने हमला कर दिया। परिवार की महिलाओं ने चौकी इंचार्ज व सिपाही से धक्का-मुक्की कर जिलाबदर को छुड़वा लिया। इसके बाद परिवार सहित आरोपी फरार हो गया। हमले की जानकारी पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और महिलाओं की पहचान कर कार्रवाई शुरू की है।
मोहल्ला शेख सरायं निवासी शादाब कुरैशी को 28 फरवरी को डीएम ने जिलाबदर घोषित किया था। मंगलवार को जिला बदर अपराधी के कस्बा में होने की जानकारी पर दोपहर में कस्बा के चौकी इंचार्ज शिवशंकर मिश्रा सिपाही दिलीप कुमार के साथ उसके घर पहुंचे। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस थाने लाने के लिए बाइक पर जिलाबदर को बैठा रही थी तभी परिजनों ने महिलाओं के साथ पुलिस पर हमला कर दिया और धक्का-मुक्की कर छुड़ा लिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि जिलाबदर अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। महिलाओं की भी पहचान की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है।