ट्राईसाइकिल देने के बाद रामसुखी से बात करते डीएम मंगला प्रसाद सिंह
- फोटो : अमर उजाला
डीएम के जनता दर्शन में घिसटते हुए आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग करने पहुंची महिला को देखकर डीएम पसीज गए। जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी को बुलाकर महिला को ट्राईसाइकिल दिलवाई। साथ ही बीडीओ अहिरोरी से पात्रता जांच कर आवासी योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
अहिरोरी विकास खंड के भगवानपुरवा मजरा जलालपुर निवासी रामसुखी निशक्त है। राम सुखी का दावा है कि उसके पास पक्का मकान नहीं है। पन्नी डालकर वह किसी तरह गुजर बसर करती है। सोमवार को वह जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभ दिलाने को गुहार लगाने पहुंची। जनता दर्शन कार्यक्रम में वह डीएम के कक्ष में घिसटते हुए पहुंची तो डीएम ने उससे समस्या पूछी। निशक्त होने के बाद भी ट्राईसाइकिल न होने की जानकारी देते हुए राम सुखी ने आवास दिलाने की मांग की।
इस पर डीएम ने वर्चुअली जनता दर्शन से जुड़ी अहिरोरी की बीडीओ काजल को पात्रता जांचने और पात्र होने पर आवास दिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को ट्राईसाइकिल समेत मौके पर आने को कहा। डीएम ने सीडीओ सौम्यागुरूरानी की मौजूदगी में ट्राईसाइकिल रामसुखी को सौंपी और उससे ट्राईसाइकिल चलाकर दिखाने को कहा। डीएम ने उसे भरोसा दिलाया कि पात्र होगी तो आवास भी जरूर मिलेगा। राम सुखी और उसके साथ आई उसकी बहन ज्ञानवती ने कहा कि डीएम से मिलना सफल हो गया। कम से कम एक समस्या तो फौरन ही दूर हो गई।