Hardoi News: मौलागंज बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद डाला। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हरदोई जिले में मौलागंज बस स्टैंड पर दोपहर लगभग डेढ़ बजे गैस सिलेंडर लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद डाला। पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक लखीमपुर जनपद के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के बताए गए हैं।
विज्ञापन
लखीमपुर जनपद के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के रंदौली गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद (55) पुत्र बनवारी लाल अपनी पत्नी रामवती (50) को लेकर बाइक से अपने रिश्तेदारी में कहीं जा रहे थे। वह जैसे ही मौलागंज बस स्टैंड पर अवध रेस्टोरेंट के सामने पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उन्हें रौंद डाला।
इससे रामवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कोतवाली पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से घायल राजेंद्र को सीएचसी पहुंचाया, जहां राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी की जा रही है।