हरियावां थाना क्षेत्र के भदेऊरा गांव में सोमवार देर रात संदिग्ध हालात में सात माह की गर्भवती की मौत हो गई। पति ने अचानक मौत हो जाने की बात कही है जबकि मृतका के भाई ने पति पर ही आरोप लगाए हैं। भदेऊरा गांव निवासी नवल किशोर हरियावां चीनी मिल में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी सोनी (37) सात माह की गर्भवती थीं। नवल ने बताया कि सोमवार देर रात मिल से वापस आने पर सब लोगों ने साथ में खाना खाया और छत पर सोने चले गए। कुछ देर बाद उलझन महसूस होने पर सोनी नीचे आ गई। कुछ देर बाद वापस आई और तीन साल की बेटी को भी नीचे ले गई।
रात करीब 12 बजे वह छत से नीचे आया और अपने कमरे में गया तो सोनी बेड पर बेसुध पड़ी थीं। परिजन को इसकी जानकारी देकर सोनी को मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सोनी के भाई पवन ने पति पर पीट पीटकर फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजन से भी जानकारी की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।