भाई की बेटी की शादी से पहले तेल पूजन की रस्म में जा रही महिला को उचक्कों ने शिकार बना लिया। रोडवेज बस में सफर के दौरान उसके बैग से 10 लाख कीमत के जेवर चोरी कर लिए। घटना की रिपोर्ट शाहाबाद कोतवाली में दर्ज की गई है। शाहजहांपुर जनपद के केरूगंज निवासी रामनरेश रस्तोगी की पत्नी कस्तूरी देवी का मायका शाहाबाद के मोहल्ला बरुआ बाजार में है। उनके भाई स्व. डॉ. संतोषी रस्तोगी की पुत्री की शादी आठ मई को है। सोमवार को तेल पूजन कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए वह शाहजहांपुर से रोडवेज बस पर सवार हुई थीं। बस में उनके पास ही एक नकाबधारी महिला आकर बैठ गई, जबकि उसके तीन साथी पीछे की सीट पर बैठ गए।
इस दौरान नकाबपोश महिला ने सिक्का गिरा दिया और फिर उस सिक्के को ढूंढने लगी। इसी बीच पीछे बैठे उसके तीन साथियों ने कस्तूरी का बैग पीछे खींच लिया और 10 लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। उधरनपुर के पास महिला और उसके तीन साथी बस से उतर गए। भाई के घर पहुंचकर कस्तूरी ने बैग देखा तो घटना का पता चला। कस्तूरी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल ब्रजेश राय ने बताया कि रास्ते में पड़ने वाले सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।