हरदोई जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। अतरौली थाना क्षेत्र के नरोइया गांव में शुक्रवार की शाम एक मामूली सी बात बाइक की चाबी ने हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का मातम दे दिया। दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि एक ने बाइक जलाई, तो दूसरे ने उसी धधकती आग में खुद को स्वाहा कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
नरोइया गांव का रहने वाला 18 वर्षीय निखिल अपनी छोटी सी दुनिया में खुश था। वह गांव की पुलिया पर एक परचून की दुकान चलाता था और अपने परिवार का हाथ बंटाता था। शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। तभी उसका बड़ा भाई शेरू, जो कथित तौर पर शराब के नशे में धुत था, बाइक लेकर वहां पहुंचा। निखिल को किसी काम से पास के ही गांव पवायां जाना था। उसने शेरू से बाइक मांगी, लेकिन नशे में चूर बड़े भाई ने न केवल मना किया, बल्कि बदसलूकी भी की। यहीं से विवाद की चिंगारी सुलग उठी।
खौफनाक मंजर: खुद को आग के हवाले किया
निखिल दुकान के अंदर भागा और पेट्रोल से भरी दो बोतलें लेकर बाहर निकला। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने वह पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया और सीधे जलती हुई बाइक के ऊपर जाकर लेट गया। 18 साल का युवक चंद पलों में आग का गोला बन गया। गांव के लोग बचाने दौड़े, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि निखिल बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भरावन ले जाया गया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा, परिवार में कोहराम
निखिल छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और अपनी मेहनत से दुकान चलाकर भविष्य के सपने बुन रहा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, सन्नाटा पसर गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वाले स्तब्ध हैं कि कैसे एक छोटी सी बाइक और क्षण भर के गुस्से ने एक जवान बेटे को छीन लिया।